त्योहार पर रोडवेज कर्मियों को मिलेगा इंसेंटिव
रामपुर। परिवहन विभाग की ओर से दिवाली और भाईदूज त्योहार के मद्देनजर रोडवेज के चालक, परिचालक और कर्मचारियों को इंसेंटिव मिलेगा। जिले में लोकल रूट पर बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। हल्द्वानी और बरेली की तरफ से आने वाले यात्रियों को राहत दी गई है। 22 अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक लगातार ड्यूटी पर रहने वाले कर्मचारियों को इंसेंटिव का तोहफा मिलेगा।
एआरएम मोहम्मद अजीम ने बताया कि 22 अक्तूबर से 31 अक्तूबर यानी दस दिन जो चालक-परिचालक प्रतिदिन 300 किलोमीटर गाड़ी चलाएंगे, उनको एक मुश्त 4000 रुपये दिए जाएंगे। जो चालक-परिचालक 9 दिन प्रतिदिन 300 किलोमीटर गाड़ी चलाएंगे उन्हें 3150 रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वर्कशॉप में जो तकनीकी कर्मचारी लगातार 10 दिन काम पर रहेंगे उन्हें 1200 रुपये और जो कर्मचारी 9 दिन काम पर रहेंगे उन्हें 1000 रुपये दिए जाएंगे। आईटीआई पास निगम से आबद्ध तकनीकी कर्मचारी को 10 दिन लगातार काम पर 600 रुपये एवं 9 दिन लगातार काम पर रहने पर 500 रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त संविदा पर तैनात चालक-परिचालक जो प्रतिदिन 300 किलोमीटर से गाड़ी चलाएंगे उन्हें 55 पैसे प्रति किलोमीटर अतिरिक्त मिलेंगे।
इन रूटों पर यात्रियों को मिलेगा रोडवेज बस का फायदा
रामपुर से बिलासपुर के लिए जाने वाली रोडवेज बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। डिपो से सुबह और शाम को दो अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। रामपुर से रुद्रपुर के लिए बस का 1-1 चक्कर बढ़ाया गया है। हल्द्वानी-मुरादाबाद रूट और मेरठ-रूद्रपुर रूट पर जाने वाले यात्रियों के लिए डिपो से अतिरिक्त बसों का लाभ मिलेगा। हल्द्वानी वाली बस मुरादाबाद से होकर रामपुर आएगी। रामपुर से बरेली के लिए बसों के फेेरे बढ़ाए गए हैं।