रामपुर। पुलिस ने पिछले कुछ समय में दर्ज मोबाइल चोरी व गुम हो जाने के मामले का खुलासा करते हुए 45 मोबाइल बरामद कर स्वामियों को सौंपे हैं। पुलिस ने मोबाइल फोनों की कीमत करीब सवा पांच लाख रुपये बताई है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला द्वारा जनपद में गुम हुए और चोरी हुए मोबाइलों की बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत साइबर सेल प्रभारी सचिन कुमार और एसओजी प्रभारी अमरीश कुमार की टीम ने विभिन्न स्थानों से 45 मोबाइल फोन बरामद कर लिए, जिनकी अनुमानित कीमत सवा पांच लाख रुपये बताई गई है। हालांकि, इस बीच पुलिस की टीम एक भी मोबाइल चोर को नहीं पकड़ पाई। पुलिस ने मोबाइल बरामद करने के बाद मोबाइल स्वामियों से संपर्क कर कार्यालय बुलाया और मोबाइल सुपुर्द कर दिए। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि जिले में मोबाइल चोरी और खोए होने की शिकायत पर टीमों को लगाया गया है। टीम द्वारा 45 मोबाइल फोन बरामद कर स्वामियों को सुपुर्द कर दिए गए है।