रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिले में कोरोना वायरस की चेन तोड़ने के लिए सोमवार को 18 से 44 साल के 421 लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया। इस दौरान युवाओं में टीकाकरण को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। टीकाकरण अधिकारी डॉ. अन्वेशा नेगी ने बताया कि सोमवार से 18 से 44 वर्ष के व्यक्तियों का टीकाकरण शुरू हो गया है। सोमवार को पहले दिन 4 स्वास्थ्य केंद्रों में रिकांगपिओ में 101, सांगला में 103, निचार में 110 और पूह में 107 लोगों ने वैक्सीन लगवाई।
उन्होंने कहा कि रिकांगपिओ में 60 सीट ऑन स्पाट पंजीकरण टोकन सिस्टम से किया जा रह है जबकि 40 सीटों का ऑनलाइन पंजीकरण होगा। इसमें पहले आओ, पहले पाओ सिस्टम से टीकाकरण होगा। सीएमओ किन्नौर डॉ. सोनम नेगी ने कहा कि 15 जून को सापनी, स्पीलो, टापरी, मूरंग, रूपी, 16 को रिकांगपिओ, सांगला, लियो, कटगांव, उरनी, 17 को रिकांगपिओ, पांगी, पूह, भावानगर और 18 को रिकांगपिओ, किल्बा, चांगो, रिब्बा और बड़ा कंबा में टीकाकरण किया जाएगा।
उन्होंने जनता से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोग वैक्सीन का लाभ उठाएं, जिससे किन्नौर को कोरोना मुक्त बनाया जा सके। सरकार ने अभी तक 2300 वैक्सीनेशन की डोज किन्नौर पहुंचाई है।