कोसी में 16 हजार क्यूसेक पानी और छोड़ा
रामपुर। उत्तराखंड के रामनगर बैराज से पानी छोड़े जाने का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। बुधवार को कोसी नदी में 16 हजार क्यूसेक पानी और छोड़ा गया,जिससे कोसी का जल स्तर बढ़ा रहा। इस दौरान कई गांवो में पानी घुस गया। बढ़ता पानी लोगो की परेशानी बढ़ा रहा है।
उत्तराखंड में रुक-रुक कर बारिश होने के बाद रामनगर बैराज पर पानी लगातार बढ़ रहा है। यहां से पानी को कम करने के लिए बुधवार को 16101 क्यूसेक पानी और छोड़ा गया। जिसका असर कोसी नदी पर दिखने लगा है। बारिश के चलते कोसी नदी का जल स्तर इस वक्त 193.64 मीटर तक पहुंच गया है। जबकि खतरे का निशान 197.83 मीटर है। कोसी नदी का जल स्तर बढ़ने से लोगों की परेशानी भी बढ़ने लगी है। नदी किनारे स्थित सैदनगर क्षेत्र के तमाम गांव के आसपास पानी भर गया। इसके अलावा स्वार, टांडा के साथ ही सदर क्षेत्र के तमाम गांवों के लोगों की बैचेनी बढ़ने लगी है। स्वार क्षेत्र के पसियापुरा गांव में चारो ओर पानी भरा हुआ था। कोसी के अलावा पीलाखार नदी में भी हलचल बढ़ी है इस वक्त पीलाखार में 181.83 मीटर पानी चल रहा है यह नदी खतरे के निशाने से चार मीटर नीचे बह रही है। कोसी, पीलाखार के साथ ही रामगंगा नदी अभी शांत चल रही है। सैदनगर क्षेत्र के बजावाला, इमरता, रवन्ना, अहमदाबाद, प्रानपुर का मझरा, बिचपुरी गांव के पास तक आसपास तक पानी भर गया। पानी पहुंच गया। इसके अलावा दलेलनगर, ईश्वरपुर, प्रानपुर का मझरा अलीगंज फैजगंज के लोगों की भी चिंता बढ़ गई है।