ट्रक ने बाइक सवार महिला को रौंदा,मौत
मिलक (रामपुर)।
मिलक बिलासपुर रोड पर एक ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा व भतीजा घायल हो गया। घायलों को अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र के बादशाहनगर निवासी पप्पू व उसकी मां नेमवती व पांच साल का भतीजा सागर बाइक से बुधवार को मिलक बिलासपुर रोड पर जा रहे थे। दोपहर के वक्त पीछे से आते एक ट्रक ने बाइक को रौंद दिया, जिससे बाइक पर सवार पप्पू व सागर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि नेमवती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मय ट्रक के भाग गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि नेमवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस को मामले की तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।