रामपुर। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के दौरान 310 परीक्षक और उप प्रधान परीक्षक अनुपस्थित रहे। अनुपस्थित परीक्षकों और उप प्रधान परीक्षकों को चेतावनी दी गई कि अगर रविवार को उन्होंने मूल्यांकन केंद्रों पर उपस्थिति दर्ज कराकर मूल्यांकन कार्य शुरू न किया तो उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को नगर के राजकीय रजा इंटर कालेज और राजकीय मुर्तजा इंटर कालेज में यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन प्रारंभ हुआ। मूल्यांकन प्रारंभ होने से पहले परीक्षकों ओर उप प्रधान परीक्षकों को उत्तर पुस्तिकाएं जांचने का प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद प्रत्येक उप प्रधान परीक्षक ने 20-20 आदर्श उत्तर पुस्तिकाएं जांचीं और परीक्षकों से ऐसे ही उत्तर पुस्तिकाएं जांचने के निर्देश दिए। राजकीय रजा इंटर कालेज मूल्यांकन केंद्र पर इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है। इस मूल्यांकन केंद्र पर 255 परीक्षकों और उप प्रधान परीक्षकों की डयूटी लगाई गई है। केंद्र के उप नियंत्रक डॉ. अरविंद गौतम ने बताया कि पहले दिन 136 परीक्षक और उप प्रधान परीक्षक डयूटी पर पहुंचे। जबकि, 119 परीक्षक और उप प्रधान परीक्षक पहले दिन अनुपस्थित रहे। पहले दिन इस केंद्र पर मात्र 288 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ।
राजकीय मुर्तजा इंटर कालेज मूल्यांकन केंद्र पर 502 परीक्षक और उप प्रधान परीक्षकों की डयूूटी लगाई गई है। पहले दिन 311 परीक्षकों और उप प्रधान परीक्षकों ने डयूटी ज्वाइन की। जबकि, 191 परीक्षक पहले दिन अनुपस्थित रहे। केंद्र उपनियंत्रक चंद्रशेखर यादव ने बताया कि पहले दिन इस केंद्र पर हाईस्कूल की 1136 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ। अनुपस्थित परीक्षकों और उप प्रधान परीक्षकों की रिपोर्ट कार्रवाई के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को भेजी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने दोनों मूल्यांकन केंद्रों पर पहुंचकर मूल्यांकन का जायजा लिया।