रामपुर। खराब मौसम के अलर्ट के बीच मंगलवार को सुबह के वक्त आसमान में बादल छाए रहे। जिससे तापमान में गिरावट हुई और लोगों को भीषण गर्मी और तपिश से राहत मिली। मंगलवार को अधिकतम तापमान में सोमवार की तुलना में 2 डिग्री सेल्सियस की कमी रही।
अप्रैल माह के अंत से लगातार चढ़ रहे पारे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी थीं। मई माह में भी तापमान बढ़ते हुए 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। लेकिन, बीते कुछ दिनों से पहाड़ी इलाकों पर हुई बर्फबारी और बारिश के बाद मैदानी इलाकों में भी मौसम खराब होने की चेतावनी जारी की गई। जिसके बाद प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य विभागों को अलर्ट भी जारी कर दिया। हालांकि मंगलवार को मौसम तो खराब नहीं हुआ लेकिन, सुबह से करीब दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहे। जिससे धूप की तपिश काफी कम हो गई, पहाड़ी इलाकों में बदले मौसम और जिले में आसमान में छाए बादल के कारण मंगलवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। जिससे लोगों को लू, भीषण गर्मी और तपिश से राहत मिली। पिछले सप्ताह की तुलना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस कम हो गया, जिसने लोगों को काफी हद तक राहत दी। पिछले सप्ताह अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था जो कि रविवार तक कम होते-होते 39 डिग्री सेल्सियस रह गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।