रामपुर। पूर्व मंत्री आजम खां के समर्थन में प्रधानमंत्री को खून से खत लिखने का सिलसिला जारी है। रविवार को जिला यादव सभा के जिला महामंत्री अमर पाल यादव ने अपने खून से खत लिखकर प्रधानमंत्री को भेजा है। खत में उन्होंने कहा है कि प्रदेश सरकार राजनीतिक द्वेष की वजह से आजम खां और जौहर यूनिवर्सिटी को निशाना बना रही है। जौहर यूनिवर्सिटी तो शिक्षा का केंद्र है, जहां हजारों बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। शिक्षा के इस मंदिर को सिर्फ राजनीतिक वजह से निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। अगर राजनीतिक प्रतिद्वंदिता है तो इसका मुकाबला चुनाव के मैदान में करें। पुलिस का गलत इस्तेमाल करके झूठे मुकदमे दर्ज कराकर नहीं। उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि वह राज्य सरकार को आजम खां और जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई करने से रोंकें।