रिलीव करने पर भड़के बिजली कर्मी, हंगामा
रामपुर। बिजली विभाग के बाबुओं को तबादले के बाद उन्हें रिलीव करने का आदेश जारी करना एसई को भारी पड़ गया। गुस्साए कमचारियों ने दोनों डिविजनों का काम बंद कर एसई दफ्तर पर धरना दिया। हंगामा किया। बाद में एसई को रिलीव करने का आदेश निरस्त करना पड़ा, जिस पर कर्मचारी शांत हुए।
पिछले दिनों बिजली विभाग में बड़े पैमाने पर तबादले हुए थे। सालों से रामपुर में जमे बाबुओं को दूसरे जिलों में भेजने का आदेश जारी हुआ था, जिस पर उन्हें रिलीव किया जाना था। वहीं, कर्मचारी तबादले का विरोध कर रहे थे। इस बीच एक्सईएन द्वितीय विनोद कुमार ने अपने कार्यालय के बाबुओं को रिलीव कर दिया, जबकि एसई आरके कुशवाह ने भी बाबुओं को रिलीव करने का फरमान सुना दिया। इसको लेकर कर्मचारी भड़क गए। विद्युत मजदूर संगठन के बैनर तले सभी कर्मचारियों ने दोनों डिविजनों का कामकाज ठप कर दिया और अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां जमकर हंगामा किया। एसई से नोकझोंक हुई। एसई ने मुख्य अभियंता से बात की, जिस पर उन्होंने कहा कि जब हमने ही किसी को रिलीव नहीं किया तो आपने क्यों कर दिया? इस पर एसई ने बाबुओं को रिलीव करने का आदेश निरस्त कर दिया। इसके बाद कर्मचारी शांत हुए। इस अवसर पर प्रमुख महामंत्री सैय्यद शुऐब हसन, प्रेमप्रकाश सैनी, साजिद अली खां, गेंदन लाल हर्ष, मोहम्मद नूर, जितेन्द्र कुमार, विनोद कुमार, सुमित कुमार, अखिलेश कुमार, फिरोज अली खां, आशीष गोयल, पवन रजनीवाल, जावेद मियां आदि मौजूद रहे।