रामपुर। अजीतपुर में एक बार फिर बिजली संकट गहरा गया। रात तीन बजे से सुबह नौ बजे तक सप्लाई ठप रही। ऐसे में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिले की बिजली व्यवस्था का बुरा हाल है। कभी लोकल फाल्ट तो कभी अन्य कारणों की वजह से आपूर्ति ठप हो जाती है। लेकिन, रात को तीन बजे से एक बार फिर अजीतपुर क्षेत्र की आपूर्ति ठप हो गई। कई घंटे तक सप्लाई सुचारु नहीं हुई तो लोगों ने इसकी जानकारी के लिए बिजलीघर फोन करना शुरू कर दिए। पता लगा कि पनवड़िया पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है, जिसके चलते आपूर्ति प्रभावित हुई है। सुबह करीब नौ बजे विद्युतापूर्ति सुचारु हो सकी। इसके अलावा सिविल लाइंस, शाहबाद गेट, पहाड़ी गेट बिजलीघर क्षेत्र की भी आपूर्ति बाधित रही। इस दौरान लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अवर अभियंता संजीव चौरसिया ने बताया कि पनवड़िया पर मरम्मत कार्य हो रहा था। इस वजह से आपूर्ति प्रभावित हो गई थी। इसके बाद फाल्ट और शिकायतों के चलते सप्लाई प्रभावित रही। लेकिन, नौ बजे के बाद आपूर्ति चालू हो गई थी।