रामपुर। कलेक्ट्रेट अब सीसीटीवी कैमरे से लैस हो गया है। यहां पर अब हरेक गतिविधि पर कैमरे की नजर में कैद होगी। कैमरों को लगाने का काम पूरा कर लिया गया है। प्रशासन की ओर से जल्द ही कई और स्थानों पर कैमरे लगाने की कवायद की जा रही है।
कचहरी परिसर को सीसीटीवी कैमरों से लैस कर देने के बाद अब कलेक्ट्रेट को भी सीसीटीवी कैमरों से लैस कर दिया गया है। कर्मचारियों की गतिविधियों के साथ ही यहां आने वाले लोगों पर पैनी नजर रखने के लिए कलेक्ट्रेट में 12 कैमरे लगाए गए हैं। मुख्य गेट से लेकर दफ्तरों तक को कैमरों से लैस किया गया है। मुख्य गेट पर दो, जबकि डीएम दफ्तर के बाहर भी एक कैमरा लगाया गया है। इसके अलावा एडीएम प्रशासन, मुख्य संग्रह कार्यालय, शस्त्र कार्यालय, भूलेख कार्यालय, रिकार्ड रूम के साथ ही अन्य दफ्तरों में भी कैमरे लगाए गए हैं। कैमरों को लगाने का काम पूरा कर लिया गया है। हालांकि कैमरे लगाने का काम पिछले काफी समय से चल रहा था लेकिन अब इस काम को पूरा कर लिया गया है। जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी आरएस चौहान ने बताया कि कैमरों को लगाने का काम पूरा कर लिया गया है। पूरे कलेक्ट्रेट को कैमरों से लैस किया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट के दफ्तर में कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट इन कैमरों पर नजर रखेंगे।