इलाज में लापरवाही से मरीज की मौत, हंगामा
रामपुर।
इलाज में एक मरीज की मौत हो गई, जिस पर तीमारदारों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच एक कर्मचारी के साथ हाथापाई की गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर किसी तरह मामला शांत हुआ। बाद में परिजन शव को लेकर घर चले गए। शहजादनगर थाना क्षेत्र के भंडपुरा गांव निवासी राजा खां को शुक्रवार की शाम सीने में दर्द की शिकायत पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद डाक्टर ने मरीज को इंजेक्शन लगाया। आरोप है कि इसके बाद राजा की तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। मरीज की मौत के बाद कोहराम मच गया। तीमारदारों ने डाक्टरों व कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान मौजूद कर्मियों के साथ भी हाथापाई की गई, जिससे अफरातफरी मच गई। मामले की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया। बाद में परिजन राजा के शव को लेकर वापस घर चले गए। सीएमएस डा.आरके ढल ने बताया कि उनके संज्ञान में मामला नहीं है।