रामपुर। सरकार द्वारा पेट्रोल व डीजल के दाम भले गुरुवार को घटा दिए गए हों, लेकिन पंप संचालकों ने दाम घटाने में कई घंटे लगा दिए। कई घंटे तक पुराने रेट पर ही तेल बेचा जाता रहा, जिसको लेकर वाहन सवारों और पंप कर्मियों के बीच नोकझोंक होती रही। सुबह करीब आठ बजे के बाद पंपों पर पेट्रोल और डीजल नए रेट पर बेचा गया तो राहत मिली।
केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों को लेकर राहत देने की घोषणा बृहस्पतिवार को की थी। केंद्र सरकार ने अपने स्तर से ढाई रुपये जबकि राज्य सरकार ने भी इतनी ही कटौती करने की घोषणा की थी। आम लोगों को कुल मिलाकर पांच रुपये की राहत देने का फैसला लिया गया था। पेट्रोल और डीजल के दाम यूं तो आधी रात से लागू हो जाते हैं, लेकिन जब दाम घटे तो पंप संचालकों ने आधी रात से रेट लागू नहीं किए बल्कि सुबह आठ बजे के बाद पंपों पर नए रेट से तेल बेचना शुरू किया। इस दौरान सुबह से ही पंपों पर कतार लगी रही। लेकिन, पंप संचालक पुराने रेट पर ही बेचते रहे, जिसकी वजह से लोगों को खासी दिक्कत हुई। पंप कर्मियों की वाहन चालकों से जमकर नोकझोंक हुई। शहर में ही जौहर रोड के तीन पंपों पर सुबह सात बजे तक पुराने रेट पर ही तेल बेचा जाता रहा। इसी तरह नैनीताल रोड, बरेली रोड़ के पंपों पर भी यही स्थिति रही। खौद में भी सुबह तक इसी तरह पुराने रेट पर ही तेल बेचा जाता रहा, जिसको लेकर लोगों की पंप कर्मियों से नोकझोंक होती रही।
सरकारी आदेश पर चली पंप संचालकों की कैंची
रामपुर। सरकार ने भले ही यूपी में पांच रुपये तेल पर घटाने की घोषणा की हो, लेकिन जब नए रेट लागू हुए तो स्थिति उलट थी। यानि सरकारी आदेश पर पंप संचालकों ने अपनी मर्जी की कैंची चला दी। सरकार ने यूं तो पांच रुपये बढ़ाने की बात कही थी, लेकिन पेट्रोल पर 4.36 जबकि डीजल पर 4.60 पैसे की ही कटौती की गई है। यानि कुल मिलाकर टैंक्सों का हवाला देते हुए कटौती करने में भी कंजूसी कर दी। सरकारी आदेश का उल्लंघन होता रहा, लेकिन प्रशासनिक अफसर इसको लेकर गंभीर नजर नहीं आए।
शुक्रवार को लागू रेट-मौजूदा कटौती-होनी थी
पेट्रोल-79.06-4.36-पांच रुपये
डीजल-71.09-4.60-पांच रुपये
पंप रात में 11 बजे बंद हो जाते हैं और सुबह के वक्त खुलते हैं इसलिए रेट भी सुबह से लागू होते हैं, लेकिन इस दफा तेल की कीमतों में कटौती को लेकर संशय बना रहा। स्पष्ट कोई आदेश नहीं आया था, जिसके चलते ऊहापोह की स्थिति बनी रही। तेल कंपनियों की ओर से जब आदेश आया तो ही रेट कम किए गए।
अखिलेश कुमार
अध्यक्ष
पेट्रोल पंप एसोसिएशन