रामपुर। रविवार को धूप की तपिश में मामूली कमी रही लेकिन, अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा। हवाओं की रफ्तार भी 16 किमी प्रतिघंटा तक दर्ज की गई। मई माह में भीषण गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है। धूप की तपिश बच्चे-बड़ों की सेहत पर भारी पड़ रही है। शनिवार के बाद रविवार को भी अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया लेकिन, मौसम की तपिश कुछ कम रही। इसकी वजह पहाड़ी इलाकों में मौसम बदलाव को माना जा रहा है। पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट हुई, जनपद के नैनीताल व अन्य पहाड़ी इलाकों से सटे होने के कारण इसका असर दिखा। जिस कारण रविवार को धूप की तपिश में कुछ कमी रही। भीषण गर्मी में बिजली कटौती भी लोगों की मुश्किलों को बढ़ा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहर तक बिजली कटौती के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। रोजेदार माह रमजान में बिजली कटौती न किए जाने की मांग उठा रहे हैं।