रामपुर। स्वार-टांडा के विधायक अब्दुल्ला आजम की शिकायत पर एसपी शिवहरि मीना ने मामले की जांच एएसपी अरुण कुमार सिंह को सौंप दी है। एएसपी की जांच के बाद इस मामले में अगली कार्रवाई की जाएगी।
विधायक अब्दुल्ला आजम ने शनिवार को एसपी को पत्र भेजकर स्वार, मसवासी और दढ़ियाल पुलिस की शिकायत की थी। अबदुल्ला ने आरोप लगाया था कि स्वार के कोतवाल थाने की दीवार बनवाने और उसके रखरखाव के नाम पर प्रधानों से 20-20 हजार रुपये की पर्ची कटवा रहे हैं।
पैसे नहीं देने पर थानाध्यक्ष द्वारा लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है। विधायक ने अपने पत्र में मसवासी चौकी की पुलिस पर अवैध खनन के कारोबारियों से साजबाज रखने का आरोप लगाया था तो दढ़ियाल पुलिस एक समुदाय विशेष के लोगों को प्रताड़ित करने का। विधायक का पत्र प्राप्त होने के बाद एसपी ने इस मामले की जांच एएसपी को सौंप दी है। एसपी शिवहरि मीना ने बताया कि मामले की जांच एएसपी को सौंप दी गई है।