रामपुर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जिले में आजादी का जश्न कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मनाया जाएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है। पुलिस नेे जिले की सीमा पर नाके लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी है। साथ ही रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डा, आकाशवाणी, सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर और रजा लाइब्रेरी सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
आजादी का जश्न गुरुवार को मनाया जाएगा। 15 अगस्त के दिन रक्षाबंधन का भी त्योहार है। इसको लेकर पुलिस सतर्कता बरत रही है। स्वतंत्रता दिवस पर जिले में मुख्य समारोह गांधी समाधि पर होगा, जहां राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ध्वजारोहण करेंगे। इसके अलावा पुलिस लाइन, कलेक्ट्रेट, सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर सहित अन्य सभी सरकारी कार्यालयों, स्कूल-कालेज और मदरसों में आजादी का जश्न मनाया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए डीएम-एसपी बैठक कर आवश्यक निर्देश दे चुके हैं। पुलिस होटल और गेस्ट हाउस में ठहरने वालों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है। सभी थाना पुलिस अपने इलाके में संदिग्धों के ऊपर विशेष नजर रख रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर (बुधवार को) पर ही शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेंगे। जहां पुलिस बल की तैनाती न होगी, वहां भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सादा पोशाक में जवान और इंटेलिजेंस अधिकारी निगरानी करेंगे। अभी से ही पुलिस नाका चेकिंग कर शहर में बाहर से आने वाली वाहनों की जांच पड़ताल कर रही हैं। इसके साथ ही शहर के होटलों के रिकॉर्ड की भी छानबीन की जा रही है। हर जगह पुलिस की पैनी नजर है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एडीजे बरेली जोन अविनाश चंद्र, आईजी रमित शर्मा और एसपी डॉ. अजयपाल पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश जारी कर चुके हैं।