रामपुर। गर्मियों की लंबी छुट्टियों के बाद सोमवार से सभी सरकारी एवं निजी स्कूल खुल जाएंगे। लिहाजा, बच्चों ने अपने बस्तों और किताबों को संभालना शुरु कर दिया है। इसके साथ ही परिषदीय स्कूलों में सोमवार से ही स्कूल चलो अभियान शुरु होगा, जिसमें शिक्षक गांवों में घर घर जाकर बच्चों एवं अभिभावकों को शिक्षा प्रति जागरूक करेंगे।
गर्मियों की छुट्टियां रविवार को खत्म हों गई हैं। एक जुलाई से जिले के सभी प्राइवेट एवं सरकारी स्कूल खुल जाएंगे। हालांकि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 जून से ही परिषदीय स्कूल खोलने के आदेश दे दिए थे, लेकिन बच्चों का आना जाना शुरु नहीं हुआ था। शिक्षकों को इन पांच दिनों में स्कूल की पेयजल व्यवस्था, विद्यालय भवन आदि की मरम्मत करानी थी। यह काम लगभग पूरा हो गया है। लिहाजा, अब सोमवार से स्कूल बच्चों से गुलजार होंगे। सुबह यसे लेकर दोपहर तक सड़कों पर स्कूली वाहन नजर आएंगे। वहीं, बच्चों ने स्कूल जाने की तैयारियां शुरु कर दी हैं। अपने अपने बस्तों को संभालना शुरु कर दिया है। शहर से लेकर गांव तक स्कूल बसों, वैनों का आने जाने का सिलसिला शुरु हो जाएगा। इसके साथ ही बच्चों को अपने पुराने स्कूली दोस्त भी मिलेंगे। इसके अलावा परिषदीय स्कूलों में स्कूल चलो अभियान की शुरुआत होगी। इस अभियान के तहत शिक्षक घर घर जाकर बच्चों को जागरूक करेंगे। अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया जाएगा, ताकि वे अपने बच्चे को स्कूल भेजें।