रामपुर। मुख्य विकास अधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि अपना कार्य पूर्ण निष्ठा और अनुशासन तथा कर्मठता के साथ करें। प्रशिक्षण को गम्भीरता से लेते हुए कार्य की गुणवत्ता बनाएं रखें। भारत सरकार द्वारा प्रथम गणना 1977 में कराई गई थी। अब तक छह आर्थिक गणनाओं का कुशल सम्पादन किया जा चुका है।
जिला सहकारी बैंक सभागार में आयोजित प्रशिक्षण में उन्होंने कहा कि छठी आर्थिक गणना 2012 में जनपद में 4497 गणना खण्डों में 96380 उद्यम पाए गए। भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के निर्देशानुसार संपूर्ण भारत के सभी राज्यों के सभी जनपदों में सातवीं आर्थिक गणना का कार्य एक साथ माह जून 2019 से अगस्त 2019 तक कराया जाएगा। आर्थिक गणना जनगणना 2011 में बनाए गए प्रगणन खण्डों के आधार पर ही की जाएगी तथा गणना में यह कार्य सीएससी के माध्यम से किया जाएगा। ग्रामीण तथा नगरीय क्षेत्रों में आने वाले समस्त उद्यमों यथा घरेलू उद्यम सेवाओं तथा वस्तुओं के उत्पादन अथवा वितरण में उद्यमों की गणना की जाएगी। सातवीं आर्थिक गणना में फसल उत्पादन, बागवानी, लोक प्रशासन, रक्षा एवं अनिवार्य सामाजिक सुरक्षा सेवाओं को छोड़कर अन्य समस्त प्रकार के कृृषि एवं अन्य कृृषि उद्यमों की गणना की जाएगी। सातवीं आर्थिक गणना में गणना कार्य पेपरलेस होगा, जो गणना कार्य मोबाइल एप के माध्यम से सीएससी द्वारा नियुक्त कार्मिकों द्वारा किया जाएगा। सभी उद्यमों की जिओ टैगिंग तथा रियल टाइम डाटा वैलिडेशन और स्क्रूटनी होगी। सीएससी द्वारा पर्यवेक्षित खण्डों में से आठ प्रतिशत खण्डों का पर्यवेक्षण कार्य जनपदीय अधिकारियों तथा दो प्रतिशत खण्डों का पर्यवेक्षण कार्य केन्द्र सरकार के अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सातवीं आर्थिक गणना कार्य के लिए जिला प्रबन्धक एवं जिला समन्वयक सीएससी समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराते हुए कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराएंगे। जनपद स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति गठित है जो सातवीं आर्थिक गणना सम्बन्धी तैयारी, प्रगति तथा संचालन में आने वाली बाधाओं का नियमित रूप से अनुश्रवण करेगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदम्बा प्रसाद गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुबोध कुमार शर्मा, उपायुक्त उद्योग सुशील कुमार शर्मा, जिला पंचायतराज अधिकारी डॉ. शरणजीत कौर, जिला प्रबन्धक सीएससी, जिला समन्वयक सीएससी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।