रामपुर। शाहबाद गेट बिजलीघर क्षेत्र में एक उपभोक्ता ने अपने कामर्शियल कनेक्शन का मीटर एक भवन से दूूसरे भवन में शिफ्ट कर लिया। यह मामला सामने आने के बाद अब अधीक्षण अभियंता ने जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच सहायक अभियंता मीटर को सौंपी गई है, जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
मामला शाहबाद गेट बिजलीघर क्षेत्र का है। सड़क पर स्थित एक काम्प्लेक्स में बिजली का मीटर का कनेक्शन था। पांच किलोवाट का यह कनेक्शन व्यावसायिक था, जिसका उपभोग हो रहा था। लेकिन, अब यह कनेक्शन एक बैंक परिसर में लग गया है। वह भी पुराने भवन से करीब आधा किलोमीटर की दूूरी पर। उपखंड अधिकारी तृतीय विनय कुमार ने चेकिंग के दौरान यह मामला पकड़ा था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। मामले को दबाए रखा। सूत्रों की मानें तो कनेक्शन का स्थाई विच्छेदन करने के बाद नया कनेक्शन देने की तैयारी थी, लेकिन इससे पहले ही जानकारी अधीक्षण अभियंता को लग गई। अब इस मामले में अधीक्षण अभियंता ने जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच सहायक अभियंता मीटर विशाल मलिक को सौंपी गई है। जांच के दौरान जो सामने आएगा उसी के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।