शाहबाद (रामपुर)। पालेज पर गए छह साल के बच्चे की रामगंगा में डूबकर मौत हो गई। इकलौते बच्चे की मौत होने से घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। मिलक थाना क्षेत्र के कूप गांव निवासी ब्रजपाल घर पर नहीं था। उसका छ: वर्षीय बेटा हिमांशु पडोस के बच्चों के साथ शुक्रवार दोपहर जंगल में अपने खेत में लगी तरबूज खरबूज की पालेज पर चला गया। बताया जाता है कि पालेज पर जाने के बाद जंगल गए सभी बच्चे गर्मी को देखते हुए रामगंगा में नहाने चले गए। रामगंगा में नहाते समय गहरे गडढे में चले जाने के कारण छ: वर्षीय हिमांशु पानी में डूब गया। हिमांशु के पानी में डूबते ही साथ नहा रहे बच्चों ने शोर मचाया तो रामगंगा तट पर पालेजों पर मौजूद लोग दोड़कर मौके पर पहुंचे और उन्होंने पानी में डूबे हिमांशु को आनन फानन में बाहर निकाला। बेटे के पानी में डूब जाने की खबर जब उसके पिता ब्रजपाल को मिली तो वह भी रामगंगा तट पर जा पहुंचा और ग्रामीणों के साथ आनन फानन में बेटे को बाइक से लेकर शाहबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। लेकिन चिकित्सकों ने देखते ही छ: वर्षीय हिमांशु को मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत होने से घर में कोहराम मच गया।