रामपुर बुशहर।
नगर परिषद की बैठक में रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में घूम रहे लावारिस पशुओं की पांच दिन में टैगिंग करवाई जाएगी। पशु पालन विभाग की मदद से नगर परिषद रामपुर शहर के सभी वार्डों में इन पशुओं को टैग लगवाएगी। इसका पूरा खर्चा नगर परिषद की ओर से वहन किया जाएगा। नप की मासिक बैठक में प्रस्ताव पारित कर यह निर्णय लिया गया है। इसके बाद नप की ओर से एसडीएम और डीएसपी रामपुर को पत्र जारी कर सूचित किया जाएगा। नप ने चेताया यदि इसके बाद किसी व्यक्ति को रामपुर या आसपास के क्षेत्रों में पशुओं को छोड़ते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई और छोड़ने वाले वाहन को जब्त किया जाएगा।
नगर परिषद की मासिक बैठक शुक्रवार को अध्यक्ष मीना कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें परिषद के आय-व्यय और अन्य मदों पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि ट्रायल के आधार पर रामपुर नगर परिषद के वार्ड नंबर दो, आठ और नौ में मोबाइल शौचालय लगाए जाएंगे। यदि नप की यह मुहिम सफल होती है तो अन्य वार्डों में भी इन शौचालयों को स्थापित किया जाएगा। रामपुर पुराने बस अड्डे पर बने लाइब्रेरी, जिम और टेबल टेनिस कोर्ट का जल्द ही मुख्यमंत्री से उद्घाटन करवाया जाएगा। निर्णय लिया गया कि आचार संहिता लगने से पूर्व नगर परिषद रामपुर कॉलेज मैदान में होने वाले अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले के लिए मैदान की साज सजा करेगा। इस दौरान नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी, उपाध्यक्ष दीपक सूद, पार्षद ध्रुव शर्मा, नरेश नेगी, उषा चौहान, नीलम गुप्ता, विशेषर लाल, रीता बादल, सुशील ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।