रामपुर। जिले में कोरोना संक्रमण की चपेट में आए 14 और लोगों ने कोरोना को मात देकर इसके चंगुल से निजात पा ली है। इनमें दो लोगों का सैंपल 30 मई और 12 लोगों का सैंपल 31 मई को लिया गया था। जिले में 14 संक्रमितों के रिकवर होने के बाद अब तक कोरोना से रिकवर होने वालों की संख्या 151 हो गई है।
भले ही कोरोना संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं लेकिन, अब राहत की खबरें भी साथ में आ रही हैं। कोरोना संक्रमण की चपेट में आने वालों की संख्या से अधिक संख्या में कोरोना से रिकवर होने वाले सामने आ रहे हैं। जिससे साफ जाहिर है कि कोरोना संक्रमण की पकड़ ढीली पड़ रही है। बुधवार को 30 मई को भेजे गए सैंपल में शेष दो रिपीट सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई। ये दोनों रिपोर्ट पूर्व में संक्रमित लोगों के सैंपल की थीं जो कि अब निगेटिव पाई गई हैं। इसके साथ ही 31 मई को भेजे गए 96 सैंपलों में से भी 12 पूर्व में कोरोना संक्रमित लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके बाद जिले में अब तक कोरोना से रिकवर हुए लोगों की संख्या 151 हो गई है। जिले में अब कुल 34 कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामले हैं। संक्रमितों के तेजी से कोरोना से रिकवर होने के कारण जिले में सक्रिय मामलों की संख्या काफी कम हो गई है।