रामपुर। प्राथमिक शिक्षक संघ ने हाल ही में ब्लाक संसाधन केंद्रों पर सह समन्वयकों की नियुक्ति के लिए हुए साक्षात्कार की प्रक्रिया को फिर से कराने की मांग की है। इसको लेकर संगठन ने निदेशक राज्य सभी के लिए शिक्षा परियोजना को ज्ञापन भेजा है। साथ ही जन सुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत भी दर्ज की है।
एक साल से अधिक समय तक लटके रहने के बाद हाल ही में संपन्न हुई एबीआरसीसी चयन प्रक्रिया विवादों में घिरती जा रही है। तमाम पारदर्शिता के दावों के बावजूद प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं। जिसके चलते दो चयनित सह समन्वयकों की तैनाती पर रोक लगा दी गई है तो शेष चयनित सह समन्वयकों को भी अभी तक ब्लाक आवंटित नहीं हो सके हैं। पहले अनर्ह शिक्षकों के चयन पर आरोप लगे और अब प्राथमिक शिक्षक संघ ने साक्षात्कार प्रक्रिया में अनियमितता के आरोप लगाए हैं। संगठन के जिला मंत्री आनंद प्रकाश गुप्ता ने इस संबंध में निदेशक राज्य सभी के लिए शिक्षा परियोजना को पत्र भेजा है। इसके साथ ही उन्होंने जन सुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज की है। जिला मंत्री ने बताया कि साक्षात्कार प्रक्रिया दोबारा कराने की मांग करने वालों में संगठन की ओर से जिलाध्यक्ष कैलाश बाबू, शकुंतला वर्मा, छत्रपाल यादव, अब्दुल अलीम खां, महेंद्र प्रताप सिंह, खालिद खां, अजीत श्रीवास्तव आदि हैं।