रामरहीम पर कोर्ट के फैसले के बाद रामपुर में भी थमे ट्रेनों के पहिए
रामपुर। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम पर कोर्ट के फैसले के बाद बिगड़े हालातों में दो सौ से अधिक ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। इनमें से चार ट्रेन का रामपुर जंक्शन पर भी स्टॉपेज था, जो कि रामपुर से होकर गुजरती हैं। हालांकि इनमें से एक ट्रेन को मुरादाबाद व एक को सहारनपुर तक भेजा गया। लेकिन, पंजाब तक ट्रेनों के न जाने से यात्रियों को परेशान होना पड़ा। वहीं आरपीएफ-जीआरपी को भी अलर्ट कर दिया गया।
गुरमीत राम रहीम पर हाईकोर्ट के फैसले के बाद भले ही बवाल दिल्ली के आसपास क्षेत्रों, हरियाणा, पंचकुला आदि क्षेत्रों में हुआ हो लेकिन, इस असर यूपी पर भी पड़ा। बवाल-आगजनी के बाद अलर्ट जारी कर दिया गया वहीं कई ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया। रामपुर रूककर गुजरने वाली हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस को बरेली में ही रोक दिया गया। जबकि गंगा-सतलज एक्सप्रेस को मुरादाबाद तक ही जाने दिया। सियालदाह एक्सप्रेस को सहारनपुर तक ही जाने दिया और फिर रोक दिया गया। वहीं अवध-आसाम एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिलासपुर से आए रोहित जैन को अमृतसर जाना था। इसके लिए वो रात साढ़े आठ बजे रामपुर स्टेशन पहुंच गए लेकिन, यहां पर पहुंचकर उन्हें ट्रेनों के रद्द होने की जानकारी हुई। वहीं बिगड़ते हालातों को देखते हुए आरपीएफ-जीआरपी भी अलर्ट रहीं। आरपीएफ-जीआरपी द्वारा ट्रेनों में चैकिंग भी की गई।