शाहबाद। कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में बालिका और महिलाओं समेत 13 लोग घायल हो गए। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कस्बे के मोहल्ला फर्राशान निवासी फईम और अफगानान निवासी अम्मू संभल के चंदौसी से वापस शाहबाद आ रहे थे। शनिवार रात प्राचीन शिव मंदिर के पास उनकी बाइक के आगे अचानक कोई जानवर आ गया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। हादसे में फईम और अम्मू गंभीर रूप से घायल हो गए। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रेफर कर दिया। इनमें फईम की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
रविवार सुबह करीब छह बजे आंवला रोड पर दो डंपरों की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक डंपर के चालक रोहित और हेल्पर इंतजार तथा दूसरे डंपर के चालक इशाक और हेल्पर सुभान घायल हो गए। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों को रेफर कर दिया।
रविवार सुबह 11 बजे पटवाई थाना क्षेत्र के मंडेया कली गांव निवासी चंद्रपाल अपनी भाभी मूर्ति के साथ पटवाई क्षेत्र के असालतपुर गांव में भंडारा खाने ई-रिक्शा से जा रहे थे। मथुरापुर गांव के पास डंपर चालक ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में चंद्रपाल और मूर्ति घायल हो गए।
एक अन्य हादसे में मेडिकल संचालक बुलेट सवार वसीम को ईको कार ने टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर पर चोटें आईं।
वहीं, आंवला रोड स्थित गुजरेला गांव निवासी पैदल जा रहे बदन सिंह की सुहावा गांव निवासी जनाब की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में बदन सिंह, जनाब, उनकी पत्नी नेहा और बेटी इसरा गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी के डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।