वॉलीबाल में ठियोग और कबड्डी में छौहारा जोन की टीमें विजेता रही। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लोअर कोटी में जिला स्तरीय अंडर-19 छात्रा वर्ग खेलकूद प्रतियोगिता शनिवार को संपन्न हो गई। प्रतियोगिता के समापन पर रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने विजेताओं को इनाम बांटे।
प्रतियोगिता में शिमला जिले के 13 जोन से 1100 छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में प्रकाश चंद रेटका विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।
ठियोग जोन को ओवरऑल विजेता घोषित किया गया। वॉलीबाल के फाइनल में ठियोग जोन प्रथम तथा रामपुर द्वितीय स्थान पर रहा। कबड्डी में छौहारा जोन प्रथम तथा देहा जोन द्वितीय रहा। खो-खो में ठियोग पहले तथा शिमला जोन दूसरे स्थान पर रहा। बैडमिंटन में शिमला प्रथम तथा जुब्बल द्वितीय, लोक नृत्य में ठियोग प्रथम तथा शिमला द्वितीय स्थान पर रहा। आयोजन सचिव ने समापन समारोह में सभी मेहमानों का स्वागत किया। बीडी बाल्टू ने बताया कि विधायक ने प्रतियोगिता के आयोजन को 25 हजार रुपये व विशेष अतिथि प्रकाश चंद रेटका ने 51 हजार रुपये की राशि दी। समापन समारोह में कांग्रेस मंडल अध्यक्ष ईश्वर दास छवारू, करतार सिंह कुला, पंचायत प्रधान लोअर कोटी विजय लक्ष्मी, उप प्रधान मुनीष ठाकुर, पूर्व प्रधान सोहन सिंह, पूर्व प्रधान ठाकुर सिंह, पूर्व प्रधान इंदिरा, एडीपीओ विजय धवन, खेल प्रभारी अजय पांटा, जेडी भारद्वाज आदि उपस्थित रहे।