रामपुर। मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए 52 स्कूली बच्चों ने करीब 12 किमी. की मानव शृंखला बनाई। जिला निर्वाचन अधिकारी जोगिंदर सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार दिया गया है। इसलिए सभी मतदाता मतदान अवश्य करें।मतदाता जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को शहर में मानव शृंखला बनाई गई। डीएम आवास से लेकर रजा डिग्री कालेज और फिर नगर पालिका और शाहबाद गेट व राधा रोड तक मानव शृंखला बनाई गई। मानव शृंखला का हिस्सा जिला निर्वाचन अधिकारी जोगिंदर सिंह और सीडीओ नंदकिशोर कलाल भी बने। उन्होंने मानव शृंखला के साथ जुड़कर लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार दिया गया है, प्रत्येक मतदाता की यह जिम्मेदारी है कि वह लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। 19 अप्रैल को होने वाले मतदान दिवस के दौरान अपने घरों से निकलकर मताधिकार का प्रयोग करके एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाएं।
सीडीओ ने कहा कि 52 विद्यालयों के बच्चों द्वारा आंबेडकर पार्क से कलेक्ट्रेट, गांधी समाधि सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए रजा डिग्री कॉलेज तक 12 किलोमीटर लंबी मानव शृंखला बनाते हुए विभिन्न जागरूकता थीम पर आधारित पोस्टर्स के साथ मतदाताओं को जागरूक किया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक मुन्ने अली, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, स्वीप आइकॉन तृप्ति माहौर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।