रामपुर। घर में पैसे रखे जाने की सूचना पर चुनाव के लिए गठित स्टैटिटिक टीम ने सपा समर्थक जिया के घर छापेमारी कर दी। छापेमारी की सूचना पर बड़ी संख्या में सपाई वहां पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। सूचना पर एडीएम और पुलिस भी पहुंच गई। सपाई छापेमारी करने की आदेश की कॉपी मांगने लगे। लिहाजा टीम के हाथ वहां कुछ नहीं लग सका और उसे वापस लौटना पड़ा।
दूसरी ओर सपाइयों का कहना है कि प्रशासन उनके समर्थकों को जानबूझ कर तंग कर रहा है। युवा सपा नेता मुमताज फूल का कहना है कि पुलिस ऐसे ही किसी के घर में छापेमारी कर सकती है, जबकि घर में सिर्फ महिला और बच्चे हों। इस बात का विरोध किया गया। वहीं दूसरी ओर आजम खां के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू का कहना है कि प्रशासन जानबूझ कर सपा कार्यकर्ताओं के हौंसले को तोड़ना चाहता है। प्रशासन की इस कार्रवाई का जोरदार विरोध किया जाएगा। वहीं अधिकारियों का कहना है कि विरोध के बीच छापेमारी की कार्रवाई नहीं हो पाई। नोकझोंक में ही एक घंटे से अधिक का वक्त बीत गया। अधिकारियों का कहना है कि चुनाव के दौरान गठित स्टै टिटिक टीम बिना सर्च वारंट के ही छापेमार कर सकती है। सपाइयों का कहना है कि इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग से की जाएगी।