रामपुर। जिलाधिकारी महेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि अभिभावक शिक्षा के महत्व को समझें और अपने बच्चों को स्कूल अवश्य भेजें। उन्होंने शिशु पालना स्वागत केंद्र के संचालन को लेकर भी निर्देश दिए।
जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष चन्द्रपाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला बाल संरक्षण इकाई की बैठक में कहा कि अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी ने बिन्दुवार समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि जिला बाल संरक्षण योजना के अन्तर्गत ग्राम एवं विकास खण्ड स्तर पर समितियों का गठन कराकर योजना के उद्देश्यों को पूर्ण करने के लिए उनकी नियमानुसार बैठक एवं संचालन भी होना चाहिए। पालना शिशु स्वागत केन्द्र संचालन की यथाशीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही सर्वशिक्षा अभियान के तहत बच्चों के माता-पिता को शिक्षा का महत्व बताते हुए उन्हें अपने बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए भी प्रेरित करें। श्रम विभाग द्वारा बाल श्रम की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं तथा चिन्हित बच्चों का विवरण प्रत्येक माह उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिला बाल संरक्षण कार्यालय, किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल कल्याण समिति के कार्यालय जिला पंचायत भवन में स्थापित किए जाने सम्बन्धी भी कार्यवाही की जाए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शिव हरि मीणा, मुख्य विकास अधिकारी शिवेन्द्र कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुबोध कुुमार शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार सहित समाजसेवी आदि उपस्थित रहे।