रामपुर। नगरीय क्षेत्रों की तर्ज पर अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी सामुदायिक शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। शौचालय के रखरखाव की जिम्मेदारी ग्राम सभा की होगी। शौचालय निर्माण के लिए केंद्रांश, राज्यांश के साथ ही पंचायती राज विभाग से भी धन प्रयोग किया जाएगा। इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों को खुले में शौच मुक्त किया जा रहा है। कई जनपदों को गांधी जयंती के अवसर पर खुले में शौच मुक्त भी घोषित किया गया, इसमें रामपुर भी शामिल है। लेकिन, ग्रामीण क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों, श्रमिकों और यात्रियों के कारण इन्हें ओडीएफ बनाए रखने में समस्या हो रही है क्योंकि इन सब श्रेणियों में लोग खुले में शौच जाते हैं। लिहाजा ऐसी स्थिति में भी खुले में शौच मुक्ति अभियान को झटका न लगे इसके लिए स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में भी सामुदायिक शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। शौचालय निर्माण के लिए कुल दो लाख रुपये का बजट दिया जाएगा। जिसमें 1.20 लाख रुपये केंद्रांश, 60 हजार रुपये राज्यांश और बीस हजार रुपये पंचायत राज विभाग से खर्च किया जाएगा। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने सभी जनपदों के जिलाधिकारियों को आदेश जारी कर दिए हैं।