बदायूं के कव्वाल ने रामपुर के प्रसिद्ध शायर ताहिर फराज की कविता को अपनी आवाज में रिकॉर्ड कर उसे यू ट्यूब चैनल पर अपलोड कर दिया। इसके लिए ताहिर फराज की अनुमति नहीं ली गई थी। ताहिर फराज की तहरीर के आधार पर शहर कोतवाली की पुलिस ने बदायूं के कव्वाल के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मशहूर शायर ताहिर फराज राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुशायरों में शिरकत करते आए हैं। उनकी कविताएं, गजल व शेरों ने मंचों पर खूब धूम मचाई है। शहर के मुहल्ला कोहना निवासी ताहिर फराज ने शहर कोतवाली में बदायूं के बिसौली क्षेत्र के सैदपुर निवासी कव्वाल आरिफ उर्फ तसनीम (आरिफ) ने उनकी कविता बहुत खूबसूरत हो तुम को अपनी आवाज में अपने नाम से गाकर यू ट्यूब पर तीन जुलाई 2018 को अपलोड कर दिया है। यू ट्यूब से होने वाली कमाई भी वह खुद अर्जित करने लगा।
मामले की जानकारी होने के बाद उन्होंने मामले की शिकायत की। कहा कि इस कविता पर उनका एकाधिकार है। उनकी अनुमति के बिना कोई इसका इस्तेमाल नहीं कर सकता है। उनका आरोप है कि उनकी कविता को धोखाधड़ी करके चुराया गया है।
ताहिर फराज की तहरीर के आधार पर पुलिस ने बदायूं के कव्वाल आरिफ के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शहर कोतवाल अनिल कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर बदायूं के कव्वाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।