अमर उजाला ब्यूरो
ब्रौ(रामपुर बुशहर)।
अंबिका माता निरमंड की 22वीं पवित्र छड़ी यात्रा 6 जुलाई को श्रीखंड की ओर रवाना होगी। ग्राम सुधार सेवा समिति निरमंड के तत्वावधान में महंत अशोक गिरि जी महाराज की अगुवाई में दशनामी जूना अखाड़ा निरमंड से श्रीखंड कैलाश के पवित्र दर्शनों को साधु संतों का दल रवाना होगा। विभिन्न पड़ावों से होती मां अंबिका की यह पवित्र छड़ी यात्रा 9 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के दिन श्रीखंड कैलाश पहुंचकर शिव दर्शन करेगी।
श्रीखंड छड़ी यात्रा समिति निरमंड के अध्यक्ष डीआर कश्यप ने बताया कि यह यात्रा पूरी तरह से सरकारी संरक्षण में जाएगी और यात्रियों को यात्रा के दौरान सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वीरवार 6 जुलाई को छड़ी यात्रा के शुभारंभ समारोह में रामपुर परियोजना प्रमुख सुरेश ठाकुर बतौर मुख्यातिथि मौजूद होंगे। वहीं इस दौरान आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम आनी पंकज शर्मा करेंगे। 13 जुलाई को यह यात्रा अंबिका माता की पवित्र छड़ी सहित वापस निरमंड पहुंचेगी और 14 जुलाई को साधु-संतों और जनसाधारण के लिए दशनामी जूना अखाड़ा निरमंड में भंडारे का आयोजन होगा।