पुरानागंज में भरभराकर गिरा मकान,बचा पूरा परिवार
रामपुर। मानसूनी बारिश ने शनिवार की रात से रविवार सुबह तक पूरे शहर की सड़कों को डुबाकर तालाब बना दिया। बारिश से नगर पालिका की नाला सफाई की पोल खुल गई। घंटों जलभराव से आवागमन प्रभावित हुआ, वहीं बारिश के कारण पुराना गंज में एक मकान भरभराकर गिरने से पूरा परिवार बाल-बाल बच गया। लोगों के घरों में भी पानी घुसने से दिक्कत हुई।
शनिवार की रात से रविवार की दोपहर तक रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश से सुबह के समय पुरानागंज पुलिस चौकी के पास मोहम्मद याकूब का मकान भरभराकर गिर गया। हालांकि उस समय परिवार के लोग बरामदे में थे, इसलिए बड़ा हादसा टल गया। छत के मलवे में घर का सामान दबकर टूट गया। छत गिरने पर घर में चीख पुकार मच गई। कुछ ही देर में पास आसपास लोग भी मौके पर जमा हो गए। बाद में परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से मलवे में दबे सामान को बाहर निकाला। मकान गिरने से काफी नुकसान हो गया। वहीं बारिश से शहर की सड़कों पर जलभराव हो गया। नगर पालिका ने पिछले महीने ही नालों की सफाई का अभियान चलाया है, जिसमें लाखों रुपये खर्च किए गए हैं, लेकिन इसके बाद भी शहर में जलभराव होने से पालिका के नाला सफाई अभियान पर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर के भीतर गली-कूंचों के अलावा मुख्य मार्गों पर भी जलभराव होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
राम-रहीम पुल के निकट जिला पंचायत रोड पर तो पूरे दिन पानी भरा रहा। क्योंकि यहां नाला अधूरा पड़ा है। नाले का कुछ हिस्सा चोक है। शौकत अली और जौहर रोड पर भी जगह-जगह पानी भर गया। शौकत अली रोड पर नाले का निर्माण तो करा दिया पर अभी तक साइड की पटरी नहीं बनवाई है। बरेली गेट रोड, कचहरी रोड पर भी जगह-जगह पानी भर गया। सफाई न होने से शहर की तमाम गलियों भी उफन गईं और गंदा पानी सड़कों पर आ गया।