बिलासपुर (रामपुर)। नैनीताल हाईवे पर ग्राम रामनगर स्थित ओवरब्रिज के पास शुक्रवार सुबह मजदूरों को लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से कैंटर ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रॉली हाईवे किनारे पलट गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालकों समेत 11 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पीलीभीत के ग्राम शिवनगर निवासी राजेश कुमार शुक्रवार सुबह करीब छह बजे ग्राम खोदलपुर निवासी जसपाल सिंह के फार्म हाउस से श्रमिकों को धान लगवाने के लिए ग्राम सीहोर जा रहे थे। नैनीताल हाईवे पर ग्राम रामनगर स्थित ओवरब्रिज के पास दिल्ली से रुद्रपुर जा रहे फल से भरे कैंटर के चालक जितेंद्र निवासी अमरोहा ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर लगते ही ट्रॉली पलट गई।
हादसे में दोनों वाहनों के चालक जितेंद्र और राजेश के अलावा ट्रॉली में सवार सुंदरलाल, सुखविंदर सिंह, नंदूराम, अवतार, चेतराम, रामचरन, अमित, खेमकरन और विपिन घायल हो गए। सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
एंबुलेंस से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चालक जितेंद्र, चालक राजेश और मजदूर अमित को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। वाहनों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।