पदम छात्र स्कूल रामपुर में थर्मल स्क्रिनिंग और सेनिटाईजेशन के बाद परीक्षा केंद्र पहुंचे विद्या?
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। कोरोना महामारी के संकट के बीच रामपुर उपमंडल में मंगलवार से 10वीं और 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं शुरू हुई। इस दौरानन कोविड-19 की गाइडलाइन का सख्ती से पालन किया गया। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी से निगरानी की गई। इसके साथ ही थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजेशन के बाद परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। केंद्रों में विद्यार्थियों के बैठने के लिए दो गज की दूरी का पालन किया गया।
सुबह के सत्र में दसवीं, जबकि शाम के सत्र में बारहवीं की परीक्षाएं आयोजित की जा रही है। रामपुर पदम छात्र स्कूल में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में छात्रों ने परीक्षा दी। 10वीं कक्षा के 129 छात्रों में 126 छात्र ही परीक्षा देने पहुंचे, जबकि शाम के सत्र में 12वीं कक्षा के कुल 302 छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया। छात्र स्कूल में क्षेत्र के दो निजी स्कूलों के छात्र भी परीक्षाएं दे रहे हैं। 10वीं कक्षा की परीक्षाएं 28 अप्रैल, जबकि 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 10 मई तक चलेंगी। परीक्षाओं के संचालन के लिए डेढ़ दर्जन से अधिक स्टाफ तैनात किया गया है।
परीक्षा से पूर्व केंद्रों को सोडियम हाइपोक्लोराइड से सैनिटाइज किया गया। पदम छात्र स्कूल के प्रधानाचार्य प्रवीण गुप्ता ने कहा कि सरकार के निर्देशों के तहत परीक्षाएं आयोजित की जा रही है। उन्होंने परीक्षा देने पहुंचने वाले छात्रों से कोरोना संक्रमण को लेकर जारी एडवाइजरी का सख्ती से पालन करने की अपील की है। उन्होंने छात्रों से मास्क पहनने और सुरक्षा के दृष्टिगत एहतियात बरतने का भी आह्वान किया है।