रामपुर। पूर्व मंत्री और जौहर यूनिवर्सिटी के चांसलर आजम खां ने जौहर इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज में इलाज कराने आने वाले मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्चे की फीस समाप्त करने की घोषणा की है। यूनिवर्सिटी के जौहर इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज में मरीजों के लिए 50 रुपये की पर्चे की व्यवस्था की गई थी। आजम खां ने बुधवार को जारी बयान में रामपुर के जिला अस्पताल की बदहाली पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने राज्य सरकार पर गरीब मरीजों की अनदेखी और योजनाबद्ध तरीके से उनको बर्बाद करने का आरोप लगाया है। आजम खां ने कहा है कि जौहर इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज में रामपुर सहित दूसरे शहरों से आने वाले मरीजों की सेवा का कार्य जारी है। किडनी के मरीजों के लिए डायलिसिस का इंतजाम किया गया है। उन्होंने अपने बयान में सेवा के कार्य को बढ़ाते हुए पर्चे की फीस को समाप्त करने की घोषणा की है।