शाहबाद (रामपुर)। शासन-प्रशासन की अपील के बाद भी जमाती खुद सामने आकर नहीं कह रहे हैं कि मैं जमात में गया था, मेरी जांच करा लो। सूचना के आधार पर पुलिस उन तक पहुंच रही है और उनके सैंपल जांच को भेजे जा रहे हैं। पुलिस गुरुवार को शाहबाद के तीन अलग-अलग मोहल्लों में रहने वाले दस लोगों को जिला अस्पताल लाकर क्वारंटीन कराया है और जहां से उनके सैंपल जांच को भेजे गए हैं। इनके बारे में पुलिस को जानकारी मिली थी कि ये सभी बरेली की जमात में शामिल होकर यहां आए थे।
टांडा सीएचसी पर क्वारंटीन किए गए 11 में से पांच जमातियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पुलिस-प्रशासन ने जमात से जुड़े लोगों की खोज तेज कर दी है। इस बीच बरेली पुलिस ने जानकारी दी कि रामपुर के 13 लोग बरेली में लगभग 10-11 दिनों तक रुके हैं और जमात में शामिल हुए हैं। इस इनपुट के आधार पर पुलिस ने शाहबाद के अलग-अलग मोहल्लों में रहने वाले दस लोगों की पहचान की। यह सभी शाहबाद के ही रहने वाले हैं और बरेली में आयोजित जमात में शामिल होकर आए थे। वहां से आने के बाद उन्होंने किसी को जानकारी नहीं दी थी ये जमात में शामिल होकर आए हैं। पहचान होने के बाद पुलिस ने शाहबाद के दस लोगों को जिला अस्पताल लाकर इनको क्वारंटीन करवा दिया है और इनके सैंपल लेकर जांच को भेज दिए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने रामपुर के गंज थाना क्षेत्र के दो और कोतवाली क्षेत्र के एक जमाती की पहचान कर ली है, जो इन दस जमातियों के साथ बरेली गए थे। एसपी शगुन गौतम ने बताया कि 13 जमातियों की पहचान कर ली गई है जो बरेली की जमात में शामिल होकर आए थे। इसमें दस जमाती जो शाहबाद के रहने वाले हैं को जिला अस्पताल में क्वारंटीन कर दिया गया है और सैंपल जांच को भेज दिए गए हैं। इसके इनके दो अन्य साथियों की भी पहचान हो गई है। उनको भी जल्द ही क्वारंटीन कर सैंपल जांच को भेजे जाएंगे।