योग गुरु बाबा रामदेव ने बुधवार को कांग्रेस पर जमकर आग उगली। उन्होंने कहा कि देश को नेता नहीं माफिया चला रहे हैं। इस साल कांग्रेस सरकार की अंत्येष्टि हो जाएगी और वर्ष 2014 में देश में विशुद्ध राजनीति की आधार शिला रखी जाएगी।
उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को नादान और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को वुद्धिमान और साहसी नेता बताया।
पूर्व राज्य मंत्री स्वामी ओमवेश की ओर से गंज दारानगर में आयोजित केवलानंद निगमाश्रम के 73वें वार्षिकोत्सव पर राष्ट्र रक्षा महासम्मेलन में योगगुरु ने कहा कि देश को भ्रष्टाचार की दीमक चाट रही है। देश की कमाई देश के विकास में न लगाकर कालेधन के रूप में बाहर जा रही है।
हर सासल दस लाख करोड़ रुपये का गोलमाल हो रहा है। देश के अंदर और बाहर एक से डेढ़ हजार लाख करोड़ रुपये का कालाधन है।
अगर इसे देश में वापस लाया जाए, तो प्रति गांव में दो सौ करोड़ रुपये विकास के लिए मिलेंगे। जो इस धन को वापस लाने के अभियान चलाता है, वह कांग्रेस का सबसे बड़ा दुश्मन बन जाता है।
उन्होंने कालाधन वापसी के लिए अभियान चलाया तो कांग्रेस सरकार उन्हीं की जांच कराने में जुट गई, मगर उनका कुछ भी नहीं बिगाड़ पाई। देश की सरकारी एजेंसियां घोटाले पकड़ने में कम कांग्रेस के विरुद्ध आवाज उठाने वालों की जांच कर रही है।
बाबा रामदेव ने 1984 के दंगों का जिक्र करते हुए कांग्रेस को सांप्रदायिक पार्टी बताया, जिसमें सिखों का कत्लेआम हुआ था। देश में परिवर्तन की बयार चल चुकी है। आगामी चुनाव में जनता कांग्रेस को इसका जवाब देगी।
देश भर से 300 सांसद ऐसे चुनकर जाएंगे तो कालाधन वापस लाने, देश से बेरोजगारी मिटाने, किसानों को फसलों का सही दाम दिलाने का काम करेंगे। बाबा रामदेव ने जनता से जहां अपनी शक्ति पहचानने का आह्वान किया, वहीं परिवर्तन के लिए कर्तव्य पालन का संकल्प भी दिलाया दिलाया।