रायबरेली। जगतपुर क्षेत्र में शनिवार को ट्रक की टक्कर लगने से बाइक सवार एक यूट्यूबर की मौत हो गई। भदोखर थाना क्षेत्र के नंदा का पुरवा मजरे उतरपारा गांव निवासी विवेक वर्मा (24) पुत्र बाबूलाल वर्मा अपने नाना के घर जगतपुर क्षेत्र के बिछौरा गांव निवासी श्रीराम के घर पर रहते थे।
यहीं पर रहकर वे यूट्यूब पर बने अपने चैनल पर मोबाइल की समस्याओं को लेकर वीडियो बनाकर डालते थे। दोपहर में वह बाइक से अपने घर जा रहे थे। जगतपुर-डलमऊ राजमार्ग पर फक्कड़ दास की कुटी के पास सामने से आ रहे ट्रक से बाइक टकरा गई। हादसे में विवेक गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सहायता से उनको सीएचसी जगतपुर पहुंचाया गया। युवक हेलमेट नहीं लगाए था। डॉक्टर एलपी सोनकर ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक की मौत हो गई थी। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।