सरेनी। पूरे नाथू बरुआहार मजरे डिघिया गांव निवासी देवेंद्र यादव (23) का शव मंगलवार को टिनशेड की पाइप पर रस्सी से बने फंदे से लटकता मिला। देवेंद्र के दोनों पैर जमीन को छू रहे थे। परिजनों ने हत्या किए जाने की आशंका जताई है जबकि शुरुआती जांच के बाद पुलिस देवेंद्र के खुदकुशी किए जाने की बात कह रही है। युवक की मौत से परिजन गमगीन हैं।
गांव निवासी देवेंद्र पुत्र प्रेमशंकर यादव खेती करते थे। दोपहर करीब 12 बजे घर से 200 मीटर की दूरी पर बने टिनशेड शेड की पाइप से रस्सी के सहारे देवेंद्र का शव लटक रहा था। भाई अखिलेश यादव दोपहर करीब डेढ़ बजे मवेशियों को चारा देने पहुंचे तो देवेंद्र का शव लटकता देख चीखने लगे। उनका कहना था कि देवेंद्र के दोनों पैर जमीन को छू रहे थे। इससे प्रतीत होता है कि देवेंद्र की हत्या कर उन्हें टिनशेड से लटकाया गया। मां शिव देवी भाई अखिलेश, अंकित, पप्पू, अनुज, बहन पायल व पत्नी रिशु के आंसू नहीं थम रहे हैं। सीओ लालगंज सुजीत राय ने बताया कि जांच में पारिवारिक कलह के चलते युवक के खुदकुशी किए जाने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई तय होगी। (संवाद)