युवक ने वीडियो जारी करके लॉरेंस बिश्नोई को खुली धमकी दी है। कहा कि सलमान भाई को कुछ हुआ तो तेरी खैर नहीं। जेल के अंदर मारूंगा। पांच हजार शूटर तैयार हैं। आगे पढ़ें और जानें पूरी बात...
उत्तर प्रदेश के रायबरेली के युवक ने वीडियो जारी करके लॉरेंस बिश्नोई को धमकी दी है। कहा कि हमारे सलमान भाई को कुछ हो गया तो तेरी खैर नहीं। उसने यह 37 सेंकड के रिकार्ड किए गए इस वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। कुछ ही देर में यह वायरल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
वीडियो में दिख रहा युवक लालगंज कोतवाली क्षेत्र के दीपेमऊ सोहवल गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो में सुना जा सकता है कि वह कह रहा है कि 'सुन लॉरेंस बिश्नोई यदि तुम्हारे दो हजार शूटर मुंबई में तैयार हैं, तो मैंने भी पांच हजार शूटर मुंबई भेज रखे हैं'।
कहा कि 'न तो तुम्हारी खैर है और न ही तुम्हारे शूटरों की। एक भी शूटर बॉम्बे से बचकर नहीं जाएगा'। वीडियो में वह लॉरेंस बिश्नोई और उसके शूटरों को खत्म कर देने की धमकी देता सुनाई दे रहा है।
मामले में प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पुलिस के पता लगाने के बाद यह पता चला कि युवक मुंबई में है। वहीं से वीडियो अपलोड किया गया है। मुंबई में एफआईआर भी दर्ज हुई है। मुंबई पुलिस कार्रवाई कर रही है।