एसपी कार्यालय परिवार के साथ शिकायत लेकर पहुंचा पीड़ित।
रायबरेली। टेकारी महल में लाखों रुपये की चोरी के मामले में डीह पुलिस पर एक युवक को थर्ड डिग्री देने का आरोप लगा है। पीड़ित का आरोप है कि चोरी कबूलवाने के लिए पुलिस ने उसे बेरहमी से पीटा और उसके नाखून प्लास से दबाए। इससे उसके हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। शिकायत पर एसपी रवि कुमार ने मामले की जांच सीओ सलोन को सौंपी है।
बीती दो अक्तूबर की रात टेकारी दांदू गांव स्थित राजा अखिलेश्वरी प्रताप सिंह के महल में करीब 80 लाख रुपये की चोरी हुई थी। मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद पुलिस अब तक चोरी का खुलासा नहीं कर सकी है। टेकारी दांदू गांव निवासी रविकेश ने सोमवार को परिवार के साथ एसपी को प्रार्थनापत्र देकर डीह पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए।
पीड़ित के मुताबिक, उन्हें पांच दिनों तक डीह थाने में रखकर प्रताड़ित किया गया। पुलिस उन पर चोरी में शामिल होने की बात कबूल करने का दबाव बना रही थी। आरोप है कि इन्कार करने पर पुलिसकर्मियों ने उनके दोनों हाथों के नाखून प्लास से दबाए और पट्टे से जमकर पिटाई की।
रविकेश का कहना है कि हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से एम्स रेफर कर दिया गया। पीड़ित ने दरोगा और दो अन्य सिपाहियों पर थर्ड डिग्री देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। सीओ सलोन यादुवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि एसपी रवि कुमार ने प्रकरण की जांच उन्हें सौंपी है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।