बछरावां। सुदौली-गजियापुर मार्ग पर जमादार खेड़ा मोड़ के पास रविवार शाम बेकाबू डंपर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी बच गया। दोनों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भाग निकला।
लखनऊ जिले के मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के भवानीखेड़ा निवासी सुजीत रावत (20) अपने साथी मऊ निवासी रईस (22) के साथ बाइक से सुदौली से गजियापुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गजियापुर से सुदौली की ओर जा रहे डंपर ने शाम करीब पांच बजे जमादार खेड़ा गांव के मोड़ के पास उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से पीछे बैठे सुजीत सड़क पर गिर गए। इसी दौरान डंपर का पहिया उनके ऊपर से निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। रईस बच गया। हादसे की सूचना पर रायबरेली की बछरावां और लखनऊ की निगोहा पुलिस मौके पर पहुंची।
घटनास्थल को लेकर दोनों थानों की पुलिस के बीच सीमा को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। बाद में घटनास्थल बछरावां क्षेत्र में होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद बछरावां पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान करीब एक घंटे तक शव सड़क पर पड़ा रहा। सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि डंपर चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।