रोहनिया। हनुमानगंज बाजार के पास सोमवार रात डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार युवक की मौत हो गई। डंपर चालक भाग गया। बनकट कामा गांव के रमेश कुमार (23) सोमवार को बाइक से सैदपुर टिकरा गांव में आयोजित समारोह में शामिल होने गए थे। रात में वापस लौटते समय हनुमानगंज बाजार के पास सलोन से ऊंचाहार की तरफ जा रहे एक डंपर से उनकी बाइक की टक्कर हो गई।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोग उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले उनकी मौत हो गई। सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लोगों का कहना है कि बाइक चालक ने हेलमेट नहीं लगाया था। परिजन ने बताया कि युवक का विवाह एक वर्ष पहले रोहनिया ब्लॉक के कांजी का पुरवा गांव की खुशबू के साथ हुआ था।
वह तीन बहनों में इकलौते थे। उन पर ही परिवार चलाने की जिम्मेदारी थी। युवक की मौत होने की खबर से पत्नी के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक राघवन सिंह ने बताया कि डंपर चालक की तलाश की जा रही है।