रायबरेली। भदोखर के जहानपुर कोडर गांव में बकाया वसूली के लिए लगाए गए विद्युत शिविर में कनेक्शन काटने पर एक युवक ने हंगामा किया। उसने मौके पर मौजूद अभियंताओं व कर्मचारियों से अभद्रता की, जिससे राजस्व वसूली का काम प्रभावित हुआ। स्थिति बिगड़ने पर टीम को वापस लौटना पड़ा। अवर अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया है।
विद्युत उपकेंद्र त्रिपुला के अवर अभियंता यादवेंद्र के मुताबिक, शिविर में अधिशासी अभियंता संदीप श्रीवास्तव समेत अन्य कर्मचारी मौजूद थे। इसी दौरान बकाया बिल जमा न करने पर एक उपभोक्ता का कनेक्शन काट दिया गया। आरोप है कि कई बार कहने के बावजूद युवक ने बिल जमा नहीं किया था। कनेक्शन कटने से नाराज होकर उसने हंगामा शुरू कर दिया और टीम के सदस्यों से गाली-गलौज की। सीओ सदर आशीष निगम ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।