सतांव (रायबरेली)। गुरूबख्शगंज क्षेत्र के पूरे सोमवंशी मजरे मलिकमऊ चौबारा बिजली की नई लाइन बिछाते समय करंट की चपेट में आने से दो श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। इसमें एक श्रमिक को सीएचसी में चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इटावा जनपद के गांव चंपानेर के रहने वाले प्रियांशू (24) व फतेहपुर के हथगांवक्षेत्र के छुलहा गांव निवासी अभिषेक (22) पोरई उपकेंद्र से जुड़े गांव पूरे सोमवंशी मजरे मलिकमऊ चौबारा की नई लाइन बिछाने का काम कर रहे थे।
यह काम आरटीएसएस योजना के तहत मिश्रीलाल इंटरप्राइजेज करवा रही है। असल नई लाइन के नीचे से 11 हजार की लाइन का करंट दौड़ रहा था। श्रमिक जब काम कर रहे थे तो इसी दौरान तार छिटककर नीचे एचटी लाइन पर गिर पड़ा। जिससे पूरी लाइन पर करंट दौड़ गया। जिसकी चपेट में आकर प्रियांशू व अभिषेक झुलस गए। दोनों को सीएचसी जतुआ टप्पा लाया गया, जहां चिकित्सक ने प्रियांशू को मृत घोषित कर दिया, जबकि अभिषेक की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और पोरई उपकेंद्र पहुंचे और वहां घेराव कर बिजली विभाग व कार्यदाई संस्था के विरुद्ध नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि जब बिजली लाइन पर काम चल रहा था, तो बिजली आपूर्ति कैसे चालू हो गई।
उपखंड अधिकारी पीएस राना ने बताया कि जो भी मजदूर काम कर रहे थे, उन्होंने दूसरे फीडर पर शटडाउन लिया था, लेकिन जिस लाइन पर काम कर रहे थे, उसमें शटडाउन नही लिया गया था। फिलहाल हादसे की जांच कराई जाएगी। सीओ लालगंज सुजीत कुमार राय ने बताया कि बिजली के करंट की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौत हुई है, तथा एक घायल है जिसका इलाज जल रहा है। हादसा कैसे हुआ इसकी जांच कर आवाश्यक कार्यवाही की जाएगी।