अमेठी। अंकित कश्यप हत्याकांड में जेल में बंद आरोपी महिला सरिता यादव को अदालत से राहत नहीं मिली। जिला जज सुल्तानपुर की अदालत ने उसकी जमानत अर्जी पर सुनवाई के बाद खारिज कर दिया। अभियोजन पक्ष ने घटना की गंभीरता का हवाला देते हुए जमानत देने का विरोध किया। गौरीगंज पूरे बान सिंह निवासी कंचन कश्यप ने तीन अगस्त की घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि मोहल्ले के सुकई यादव, उनके पिता रामसुंदर, सरिता यादव और रंजना यादव ने उनके बेटे अंकित कश्यप को रिक्शे से उतारकर घसीटा और अपने घर ले गए। वहां गला और गुप्तांग काटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोपी सरिता यादव की ओर से जिला जज की अदालत में जमानत अर्जी प्रस्तुत की गई। सुनवाई के दौरान डीजीसी क्रिमिनल ने हत्या की गंभीरता का हवाला देते हुए जमानत का कड़ा विरोध किया। दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए जमानत अर्जी खारिज कर दी।