बाइक सवार को बचाने में पलटी स्कूल बस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
यूपी के रायबरेली में गुरुवार को बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बच्चों से भरी स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक, परिचालक और चार बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
घटना नसीराबाद थाना क्षेत्र के काजीपुर तेलियानी गांव के पास की है। एसजेएस पब्लिक स्कूल गौरीगंज (अमेठी) की बस नसीराबाद से बच्चों को बैठाकर काजीपुर तेलियानी पहुंची थी। यहां से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान अचानक सामने बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पलट गई। बस में कुल 22 बच्चे सवार थे।
हादसे में दरशिल, वाजिद, साद और पार्थ को मामूली चोटें आईं। वहीं चालक दीनदयाल निवासी वार्ड नंबर 09 और परिचालक गोपाल नारायण निवासी आलमपुर के हाथ व कंधे में चोट लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को वाहन से सीएचसी पहुंचाया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. मोहित सिंह ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर घर भेज दिया गया। सीओ यादवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि बस अनियंत्रित होकर पलटी थी। कुछ बच्चे चोटिल हुए थे, सभी सुरक्षित हैं।