रायबरेली। पूरे शुक्लन मजरे चिचौली के पास मंगलवार को गंगा एक्सप्रेस-वे पर टायर फटने से बेकाबू कार ने सड़क पार कर रही महिला को टक्कर मार दी। इसके बाद कार डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि कार सवार तीन लोग घायल हो गए। कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने हादसे की जांच की है।
पूरे शुक्लन मजरे चिचौली निवासी रामजसी (46) पत्नी मनोज कुमार मंगलवार दोपहर करीब दो बजे गांव की अन्य महिलाओं के साथ घास काटने खेत जा रही थीं। गंगा एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 515 पर वह सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान प्रयागराज से मेरठ जा रही कार के अगले हिस्से का टायर अचानक फट गया। इससे चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू कार रामजसी को टक्कर मारने के बाद डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में रामजसी गंभीर रूप से घायल हो गईं। कार में सवार तेलंगाना के हैदराबाद स्थित समाहाबाद निवासी लक्ष्मी सावित्री (62) पत्नी वेंकट सुमैया, राम (70) पुत्र प्रवीण और लावानिया (37) पत्नी प्रवीण कुमार भी घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से चारों घायलों को जगतपुर सीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद रामजसी को एम्स और अन्य तीन घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। एम्स में उपचार के दौरान रामजसी ने दम तोड़ दिया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. एलपी सोनकर ने बताया कि सड़क हादसे में घायल चार लोगों को अस्पताल लाया गया था। गंभीर हालत में एक महिला को एम्स और तीन अन्य घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में महिला की मौत हुई है और कार सवार तीन लोग घायल हुए हैं। जगतपुर थाना प्रभारी से जांच कराई गई, जिसमें टायर फटने से हादसा होने की जानकारी मिली। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।