अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया।
जगतपुर थाना क्षेत्र में जिंगना गांव के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों ने बताया कि महिला कई महीनों से जगतपुर कस्बा के अलावा आसपास के गांवों में घूमा करती थी। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। एसओ अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि महिला की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। कुंभी गांव निवासी शिवम त्रिवेदी व अंकित त्रिवेदी बाइक से भवानीगढ़ चौराहा जा रहे थे। अकेलवा घर के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को सीएचसी शिवगढ़ पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला।